लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय का 69वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को आयोजित होगा। इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को अंगवस्त्र 29 व 30 जुलाई को मिलेंगे। कुलसचिव भावना मिश्रा ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दीक्षांत समारोह की शोभायात्रा में शामिल सभी को निर्धारित पोशाक संहिता का पालन करना होगा। छात्रों के लिए मैरून कुर्ता, क्रीम चूड़ीदार पैजामा और काले जूते तय हैं। उन्हें क्रीम साटन कपड़े पर मैरून बॉर्डर वाला अंग वस्त्र मिलेगा। छात्राओं को मैरून कुर्ता (चुन्नी/हिजाब के साथ) या सुनहरे बॉर्डर वाली मैरून साड़ी पहननी होगी। उनके लिए क्रीम साटन कपड़े पर सुनहरे बॉर्डर वाला अंग वस्त्र निर्धारित है। पुरुष शिक्षकों व अधिकारियों को सफेद लंबा कुर्ता और सफेद चूड़ीदार पैजामा पहनना होगा। महिला शिक्षिकाओं व अधिकारियों के लिए क्रीम साड़ी, क्रीम ब्लाउज और मैरून जैकेट पोशाक संहिता है।