लखनऊ। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 अगस्त तक अयोध्या में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली लखनऊ मंडल की टीम के गठन के लिए जिला और मंडल स्तर के चयन ट्रायल एक और तीन अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। दोनों ट्रायल केडी सिंह बाबू स्टेडियम के तरणताल में सुबह 9:00 बजे से होंगे। एक अगस्त को जिला स्तरीय और तीन अगस्त को मंडल स्तरीय ट्रायल होंगे। ट्रायल के माध्यम से कुल 40 सब जूनियर खिलाड़ियों (20 बालक और 20 बालिका) का चयन किया जाएगा। इसमें सब जूनियर ग्रुप-III (13 से 14 वर्ष) और सब जूनियर ग्रुप-IV (11 से 12 वर्ष) आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों को अपना प्रामाणिक जन्म प्रमाणपत्र और पात्रता प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रमाणपत्र के किसी भी
खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।