उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड
- फोटो : self
गर्मी की तपिश बढ़ने के साथ-साथ मांग भी बढ़ रही है। प्रदेश में निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से सभी को बिजली आपूर्ति की जा रही है। बिजली चोरी रोकने के लिए रात में भी छापे मारे जाएंगे। साथ ही बिजली उपभोक्ताओं के फोन भी अभियंताओ और अफसरों को उठाने होंगे। राजधानी लखनऊ की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए चौबीस घंटे मोबाइल गैंग फील्ड में तैनात रहेंगे। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन अध्यक्ष एम. देवराज ने निर्देश जारी किए हैं।
कारपोरेशन अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में मांग के अनुरूप विद्युत उपलब्ध है। ट्रांसफार्मर सहित किसी उपकरण की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गर्मी से परेशान जनता को अबाध बिजली आपूर्ति के लिए वितरण, पारेषण और उत्पादन निगमों के अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वाचंल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल, मध्यांचल, डिस्काम और केस्को के प्रबंध निदेशकों से लगातार जानकारी ली जा रही है।
बिजली बहाली के लिए सभी अभियंताओं और अफसरों को तैनाती स्थल पर ही रहने के लिए कहा गया है। साथ ही हिदायत दी गई है कि उपभोक्ताओं के फोन जरूर उठाएं और लोकल फाल्ट तत्काल ठीक करें। फोन न उठाए जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।
देवराज ने बताया कि अधिकारी खुद रात में पेट्रोलिंग करेंगे। कटिया से की जा रही बिजली चोरी रोकने के लिए रात में भी छापे मारने के लिए टीमें गठित की गई हैं। जगह जगह चेकिंग की जाएगी। सितंबर तक प्रबंध निदेशक अपने अधीनस्थों से रोजाना जानकारी लेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिजली पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। मांग बढ़ने पर अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था की जाएगी।