समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर निकाय चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। फर्जी वोट डलवाने, मतदाताओं को धमकाने, विशेष संप्रदाय के लोगों को मतदान नहीं करने देने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। मांग की है कि पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मतदान की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता बनी रहे।
पार्टी प्रतिनिधि मंडल की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि मैनपुरी के नगर पंचायत कुसमरा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बूथ कैप्चरिंग की। घिरोर में भाजपा नेता अनुजेश यादव ने फर्जी आधार कार्ड से बाहरी लोगों का वोट डलवाया। भोगांव पुलिस ने सपा प्रत्याशी नसरीन बानो के पति अकबर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ के सरोजनी नगर द्वितीय में ईवीएम खराब रही।
प्रतापगढ़ के कुंडा में एमएलसी अक्षय प्रताप सहित अन्य लोगों ने बूथ पर जाकर मतदाताओं को धमकाया। सराहनपुर में अर्द्धसैनिक बल के सिपाहियों ने मुस्लिम व दलित बहुल मतदान केंद्रों पर आधार कार्ड जांच के नाम पर मतदाताओं को भयभीत कर मतदान से रोका। गोरखपुर में पीठासीन अधिकारी की सूची और बीएलओ की पर्ची में अंतर मिला। पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सभी जिलों की बूथवार गड़बड़ियों की सूची भी सौंपी है। ज्ञापन देने वालों में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद अरविंद सिंह, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व एमएलसी डा. राजपाल कश्यप शामिल थे।