लखनऊ। भुवनेश्वर में पुरस्कृत होकर लौटीं महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में नंबर वन बनने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। यह तमगा बरकरार रखने के लिए आईआईटी कानपुर समेत बेल्जियम के वीटो ग्रुप और अटैक नामक संस्था से भी सहयोग लिया जाएगा। नगर निगम खुद भी कई कदम उठाने के साथ जनता को भी जोड़ेगा। लोगों से प्रदूषण कम करने को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।
नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जिन इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स अभी अधिक है, वहां उसे कम करने को लेकर काम होगा। पीएम 2.5 का स्रोत प्रमुख रूप से मलबा होता है। इसके निस्तारण के लिए नगर निगम प्लांट बना रहा है। एयर क्वालिटी को लेकर क्या काम किया जाए और अभी क्या स्थिति है, इसको लेकर बेल्जियम का वीटो नामक स्वयंसेवकों का एक समूह नगर निगम से जुड़ा है, जो आंकड़े भी उपलब्ध करा रहा है। इसी तरह आईआईटी कानपुर से संपर्क किया गया है। उनसे भी शहर के एक्यूआई को और सुधारने में मदद ली जाएगी।
अब बंद हो जाएगी 50 करोड़ की कटौती
महापौर ने खुशी जताते हुए कहा कि पुरस्कार से नगर निगम की आर्थिक स्थिति को भी ऑक्सीजन मिलेगी। 14वें व 15वें वित्त आयोग से जो पैसा मिलता है, उसमें कटौती होती है। शासन की शर्त थी कि यदि नगर निगम वायु प्रदूषण को रोकने में अच्छा काम करेगा तो उसको जो बजट मिलता है, उसमें कटौती नहीं होगी। ऐसे में अभी सालाना जो 50 करोड़ से अधिक की कटौती हो जाती है, वह नहीं होगी।
पुरस्कार राशि वायु प्रदूषण रोकने के काम पर होगी खर्च
महापौर ने कहा कि पुरस्कार के तौर पर जो 1.50 करोड़ की राशि मिली है, उसका इस्तेमामल वायु प्रदूषण दूर करने से संबंधित कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। कौन से कार्य होंगे, यह अभी तय नहीं किया है। इसका प्लान बनाया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि पुरस्कार राशि खर्च करने को लेकर अभी शासन की गाइडलाइन जारी होगी। वैसे यह वायु गुणवत्ता सुधार के काम पर ही खर्च होगी।
नगर आयुक्त ने कहा-ये काम भी करेंगे :
- शहर में दो दर्जन से अधिक ऐसे चौराहे हैं, जहां तीन मिनट तक ट्रैफिक रुकता है। ऐसे चौराहों पर लोगों से अपील की जाएगी कि वे अपने वाहन का इंजन बंद करें ताकि वायु प्रदूषण को कम किया जा सके।
- लोगाें से अपील है कि वे कूड़ा न जलाएं। ऐसा करने पर जुर्माना लगेगा।
- मलबा निस्तारण को लेकर नगर निगम सीएंडडी प्लांट बना रहा है। यह प्लान है कि हर जोन में एक प्लांट बने। जहां पर मलबे का उपयोग कर ब्रिक टाइल्स बनाई जाएगी।
- कचरा प्रबंधन को सुधारने के लिए एमआरएफ सेंटर बनाए जा रहे हैं। जहां पर कूड़े का पूरी तरह निस्तारण हो जाएगा।
- लोगों से अपील की जाएगी कि वे सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करें।