मरीज खा रहा था गैस की दवा, पड़ा था माइनर हार्ट अटैक
- बलरामपुर की इमरजेंसी के डॉक्टरों ने जांच करके पकड़ी मर्ज, थ्रम्बोलाइज करके बचाई जान
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। फैजुल्लागंज के रहने वाले मरीज को पिछले तीन दिन दिल में दर्द उठने संग उलझन हो रही थी। नजदीकी डॉक्टर से दवा ली मगर कोई राहत नहीं मिली।
शनिवार सुबह मर्ज बढ़ने पर वह बलरामपुर की इमरजेंसी गया। ईएमओ ने ईसीजी व खून की अन्य जांच करवाई तो पता चला कि मरीज को दिल का दौरा पड़ा था।
डॉक्टरों ने तुरंत ही मरीज को खून पतला करने वाली दवा खिलाई। मरीज को इंजेक्शन लगाया गया। महज 10 मिनट में मरीज को राहत मिल गई। मरीज को
एंजियोग्राफी के लिए लॉरी जाने की सलाह दी गई है।
फैजुल्लागंज के सुशील मिश्रा को तीन दिन से सीने में दर्द हो रहा था। पहले वह स्थानीय क्लीनिक के डॉक्टर से मिले और दवा लेकर खाई। तीन दिन तक उन्हें दर्द में राहत नहीं मिली। शनिवार सुबह मर्ज बढ़ने पर करीब 11 बजे बलरामपुर की इमरजेंसी पहुंचे। वहां ईएमओ डॉ. सौरभ सिंह ने उनकी समस्या पर तुरंत भर्ती कर ईसीजी व खून की जांच करवाईं। ईसीजी रिपोर्ट में गड़बड़ी दिखी। डॉ. सौरभ ने तुरंत ही कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. यूसुफ अंसारी को इमरजेंसी कॉल कर सलाह ली। ओपीडी छोड़ डॉ. यूसुफ भी तुरंत इमरजेंसी पहुंच गए। इसी बीच सलाह के आधार पर तब तक डॉ. सौरभ ने सुशील मिश्रा को खून पतला करने वाली दवा खिला दी थी। डॉ. यूसुफ ने मरीज को इंजेक्शन लगाया। 10 मिनट के बाद फिर ईसीजी कराई गई तो रिपोर्ट सामान्य आई। डॉ. यूसुफ ने बताया कि मरीज को तीन दिन पहले से माइनर हार्ट अटैक आया हुआ था, लेकिन सीने में दर्द की समस्या समझकर उन्होंने दिल की बीमारी से जुड़ी जांचें नहीं करवाईं। इमरजेंसी में उन्हें स्टेमी कार्यक्रम के तहत खून पतला करने की दवा व इंजेक्शन देकर थ्रम्बोलाइज कर दिया। उन्हें छुट्टी देकर लॉरी या दूसरे चिकित्सा संस्थान में इलाज की सलाह दी गई है। मरीज के इलाज में ईएमओ डॉ. सौरभ सिंह, कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. यूसुफ अंसारी, चीफ फार्मासिस्ट डीएस त्यागी, रेजिडेंट डॉ. हबीब उर रहमान शामिल रहे।