शहर में सर्वर ठप होने से करीब 500 से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाण अटके
- सीआरएस पोर्टल से नहीं जनरेट हुए एक भी प्रमाण पत्र, अफसर बोले सर्वर की
दिक्कत होने से आई अड़चन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। शहर के अस्पतालों, नगर निगम में बृहस्पतिवार को जन्म और मृत्यु
प्रमाण पत्र नहीं बन सके। परिजन अस्पताल व नगर निगम कार्यालय गए मगर वहां
से उन्हें निराश लौटना पड़ा। जन्म मृत्यु पंजीकरण का सिविल रजिस्ट्रेशन
सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल का सर्वर ठप होने से यह समस्या हुई। कई अस्पतालों
ने काउंटर पर सर्वर न होने की बात कहकर नोटिस चस्पा करा दिया। देर शाम को
सर्वर सही होने पर पोर्टल चल सका। इससे 500 से अधिक जन्म व मृत्यु प्रमाण
का पंजीकरण नहीं हो सका।
शहर के जच्चा बच्चा केंद्रों, महिला अस्पतालों और पीजीआई, केजीएमयू,
लोहिया, बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, बीआरडी महानगर, राम सागर मिश्र समेत
अन्य अस्पतालों से जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं। साथ ही नगर निगम
के विभिन्न जोन से भी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं। हर जगह
मिलाकर रोजाना 500 से अधिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं।
वीरागंना अवंतीबाई महिला अस्पताल (डफरिन) में पहुंची सबा ने बताया कि वह
अपने बच्चे का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सुबह 11 बजे गई थी। करीब एक घंटे
तक वह रुकी रहीं, लेकिन पोर्टल न चलने से जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका।
काउंटर पर अफसरों ने नोटिस चस्पा कर दिया कि पोर्टल न चलने से जन्म प्रमाण
पत्र आज नहीं बन पाएंगे। कर्मचारियों ने दोपहर के बाद अफसरों से सीआरएस
पोर्टल में आ रही गड़बड़ी की शिकायत की है। अफसरों ने सीएमओ कार्यालय में
काम देख रहे अनिल दुबे और सीआरएस की डिप्टी डायरेक्टर दिव्या जैन को समस्या
के बारे में बताया है। डफरिन की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने
बताया कि पोर्टल में गड़बड़ी की वजह से प्रमाण पत्र नहीं जारी किए जा सके
हैं। बलरामपुर के सीएमएस डॉ. हिमांशु ने बताया सर्वर की दिक्कत की अस्पताल
से मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन सके।