राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में कैंसर की जांच भी शुरू
- मरीजों को मिलेगी राहत, जांच के लिए निजी केंद्र नहीं जाना पड़ेगा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बीकेटी के साढ़ामऊ स्थित राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में
कैंसर की करीब आधा दर्जन जांच शुरू हो गई हैं। इसमें सर्वाइकल से लेकर पेट
के कैंसर की जांच शुरू हुई है। इससे मरीजों को जांच के लिए हायर सेंटर नहीं जाना होगा।
रामसागर मिश्रा अस्पताल में 156 बेड हैं। ओपीडी में हर दिन करीब 1200 मरीज
आ रहे हैं। ओपीडी के 90 प्रतिशत मरीजों को खून की जांचें लिखने की जरूरत
पड़ती है। वहीं भर्ती 100 प्रतिशत मरीजों को खून की जांच कराई जाती हैं।
मरीजों की सुविधाओं के लिए अस्पताल में 150 तरह की खून से जुड़ी जांच हो रही हैं।
शुरुआती अवस्था में कैंसर का पता लगाने की पहल
अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि पैथोलॉजी में मरीजों को
मुफ्त जांच की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। प्रदेश सरकार की मंशा के
अनुसार पैथोलॉजी को विस्तार दिया गया है। मरीजों में कैंसर का पता लगाने के
लिए आधा दर्जन से अधिक जांच शुरू की गई हैं। इसमें पैप स्मीयर, सीए 125,
सीए 19.9 व बीटा एचसीजी मार्कर शामिल है। बीटा एचसीजी जांच गर्भावस्था में
कराई जाती है। लेकिन महिलाओं में खास प्रकार के कैंसर कोरियो कॉर्सिनोमा का
पता लगाने में भी यह मार्कर कारगर है। कैंसर की जांच शुरू होने से शुरूआती
दौर में बीमारी का पता लगने से इलाज संभव है।
11 माह में 15 लाख जांच हुई
डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि थायराइड, थैलसीमिया, आयरन प्रोफाइल, विटमिन डी,
बी-12, कॉर्डियक मार्कर, ऑपरेशन से पहले की जानी वाली वायरल मार्कर, कल्चर
सेंस्टीविटी, सीबीसी, हार्मोन समेत दूसरे टेस्ट की सुविधा भी अस्पताल में
शुरू करा दी गई है। 11 माह में पैथोलॉजी विभाग में करीब 15 लाख से अधिक खून की जांच हुई है।
आठ सीएचसी की जांच अस्पताल में हो रही
स्पोक एंड हब मॉडल पर पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के
जरिये 3 मई को किया गया था। इसमें लखनऊ की आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
बीकेटी, इटौंजा, अलीगंज, गुड़ंबा, माल, मलिहाबाद, काकोरी व जानकीपुरम ट्रॉमा
सेंटर से खून के नमूने लेकर जांच की जाती है।