किराये के भवन में चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों का छह माह से भुगतान फंसा
- बिजली का बिल भी छह माह से बकाया, भवन मालिक भवन खाली कराने की दे रहे धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। शहरी-ग्रामीण क्षेत्र में किराये के भवन में चल रहे स्वास्थ्य केंद्र
का लाखों रुपये बकाया है। एनएचएम के जरिये भुगतान नहीं किया जा रहा है। भवन
मालिक सीएमओ ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं मगर उन्हें वापस लौटाया जा रहा है।
केंद्रों का बिजली बिल भुगतान न होने से बिजली तक कट गई थी। हालांकि बाद
में अफसरों ने उसे जुड़वाया था। अफसरों का कहना है भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।
सीएमओ के अधीन 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, 30 पीएचसी व 100 सब सेंटर
किराये के भवन में चल रहे हैं। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का किराया 25 हजार
से लेकर अधिकतम 50 हजार रुपये तय है। जबकि पीएचसी का किराया 15-25 हजार
रुपये है। सब सेंटर का किराया तीन हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से भुगतान
किया जाता था। एनएचएम से छह माह से भुगतान नहीं हुआ है। इससे भवन मालिकों
को विभाग से भुगतान नहीं किया जा सका है। अहम बात यह है कि बिजली बिल का
भुगतान विभाग से नहीं हुआ है। इसे लेकर बीते माह त्रिवेणी नगर पीएचसी की
बिजली कट गई थी। वहां पर चिकित्सकीय कार्य बाधित हो गया था। अफसरों के
हस्तक्षेप के बाद दोबारा बिजली कनेक्शन जोड़ा गया था। ऐसी स्थिति सभी
केंद्र की है। जहां पर बिजनी कटने की नौबत आ गई है। भवन मालिक भी भुगतान न
होने पर केंद्र खाली कराने की चेतावनी दे रहे हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का
कहना है भवन व बिजली के भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। इस माह
के आखिर तक भुगतान कर दिया जाएगा।