तीन सरकारी अस्पतालों में भी बंद पीटीपीसी आईएनआर जांच
- निजी केंद्र पर जांच के लिए जा रहे मरीज, ऑपरेशन से पहले सभी मरीजों की जरूरी होती जांच
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राजधानी के तीन सरकारी अस्पतालों में भी पीटीपीसी आईएनआर जांच ठप
पड़ी हैं। मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्र पर जाना पड़ रहा है। अस्पताल
प्रभारियों का कहना है रीजेंट का संकट होने की वजह से जांच बंद है।
खून का थक्का जमने की स्थिति का पता लगाने वाली अहम जांच पीटीपीसी आईएनआर
बलरामपुर अस्पताल में तो बंद चल रही थी। वहीं तीन नए अस्पतालों में यह जांच
बंद है। बीआरडी महानगर, रानी लक्ष्मीबाई, ठाकुरगंज संयुक्त अस्पताल में
जांच ठप है। ऑपरेशन से पहले (प्री सर्जिकल) की यह जांच अधिक संख्या में
मरीजों को रोजाना निजी केंद्रों से करवानी पड़ रही है। निजी पैथालॉजी में
पीटीपीसी आईएनआर जांच के लिए मरीजों को 400 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
अस्पतालों के अधिकारियों से मरीज लगातार शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद
समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। रीजेंट उपलब्ध न होने से जांच काफी समय
से बंद है। डॉक्टर किसी भी मरीज के ऑपरेशन से पहले यह जांच जरूर करवाते
हैं। ठाकुरगंज संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि
पीटीपीसी आईएनआर जांच के लिए रीजेंट की मांग विभाग से की गई है। जल्द ही
जांच शुरू की जाएगी। रानीलमीबाई अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीलिमा का कहना है
रीजेंट की समस्या होने की वजह से जांच बंद है।