केजीएमयू में शुरूआती 24 घंटे में मुफ्त जांच की सुविधा मिलेगी
- प्रशासन ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई, कमेटी सभी बिंदुओं का आंकलन करके देगी रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को शुरुआती 24 घंटे मुफ्त इलाज
के साथ जांच की सुविधा भी मिलेगी। इसमें रेडियोलॉजी व पैथोलॉजी की जांच
शामिल हैं। इसे लेकर केजीएमयू प्रशासन ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। जो
मरीजों की संख्या व जांच पर आने वाले खर्च की गणना करेगी। कमेटी की रिपोर्ट
के आधार पर मुफ्त जांच पर फैसला होगा।
ट्रॉमा सेंटर में हर दिन 300 से अधिक मरीज इमरजेंसी में आ रहे हैं। ट्रॉमा
में भर्ती मरीजों को शुरुआत के 24 घंटे मुफ्त इलाज का नियम है। अभी तक
मरीजों को इलाज मुफ्त मुहैया कराया जा रहा है। जांच के लिए मरीजों को शुल्क
देना पड़ता है। मरीजों की सुविधा के लिए पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी की मुफ्त
जांच मुहैया कराने की कवायद शुरू हो गई है। केजीएमयू प्रशासन ने चिकित्सा
अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार, ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिह, ट्रॉमा
सेंटर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिय अग्रवाल, वित्त व आईटी विशेषज्ञों को
शामिल किया गया है। कमेटी मरीजों की संख्या, जांच पर आने वाला शुल्क व
दूसरे संसाधनों का आंकलन करेगी। सभी पहलुओं को परखने के लिए कमेटी अपनी
रिपोर्ट केजीएमयू प्रशासन को सौंपेगी। उसके बाद मुफ्त जांच पर फैसला होगा।