लखनऊ। बारावफात के जुलूस के कारण सात घंटे तक अमीनाबाद व प्रमुख बाजारों में बिजली आपूर्ति बंद रही।इससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारी आपूर्ति बंद किए जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि अमीनाबाद में भूमिगत केबल क्यों नहीं डाला जा रहा है।
जुलूस की सुरक्षा के मद्देनजर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शटडाउन लिया गया था। हालांकि दोपहर तीन बजे ही आपूर्ति बहाल कर दी गई। व्यापारी नेता सुरेश छबलानी का कहना है कि सोमवार सुबह दस बजे से दुकानें खुलनी शुरू हुईं, तो पता चला कि बिजली नहीं आएगी। दोपहर 12:30 बजे जुलूस निकल गया था। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अभियंता अगर चाहते तो इसके बाद सप्लाई चालू कर सकते थे, लेकिन घंटों संकट बना रहा।
मोहन मार्केट, नजीराबाद, लाटूश रोड, हाथीखाना, खयालीगंज, गड़बड़झाला में व्यापारी परेशान रहे। प्रताप मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश छाबड़ा पम्मी का कहना है कि व्यापार दोपहर बाद से ही शुरू होता है इसलिए कारोबार विशेष रूप से प्रभावित नहीं हुआ। हालांकि, गर्मी की वजह से व्यापारियों को दिक्कत हुई है।...
...तो बिजली काटने की नौबत ही न आए
व्यापारियों का कहना है कि जब जुलूस हर साल निकलता है, लेसा के अफसरों को उसका रूट भी पता है, तो अपनी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त क्यों नहीं करता? लेसा को बिजली काटना ही सबसे आसान तरीका समझ में आता है। व्यापारियों ने कहा कि अगर विभाग अब भी चेत जाए और भूमिगत लाइनें संबंधित रूट पर डाल दे, तो बिजली काटने की नौबत ही न आए।