लखनऊ। चेहल्लुम के जुलूस में तीन घंटे की देरी पर राजधानी पुलिस ने मातमी अंजुमन रौनके दीने इस्लाम के सेक्रेटरी वसीउल हसन को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जान बूझकर की गई इस देरी से मंदिरों में जन्माष्टमी के कार्यक्रमों में असुविधा हुई। इससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुईं। जवाब के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
एडीसीपी पश्चिमी सीएन सिन्हा ने बताया कि बृहस्पतिवार को शिया समुदाय का चेहल्लुम का जुलूस चौक स्थित नाजिम साहब के इमामबाड़े से निकाला गया था। इसके आखिरी भाग में अंजुमन रौनके दीने इस्लाम के लोग मौजूद थे। जुलूस शाम 4.30 बजे विक्टोरिया स्ट्रीट पहुंचा तो इस अंजुमन के लोग वहां रुक गए। पुलिस के कहने पर भी आगे नहीं बढ़े। बेवजह तीन घंटे तक वहीं खड़े रहे। क्योंकि उसी दिन जन्माष्टमी थी ऐसे में जुलूस को देखते हुए मंदिरों में होने वाले कार्यक्रमों को जुलूस के बाद शुरू करने की अपील की गई थी। लिहाजा अंजुमन की देरी की वजह से मंदिरों के कार्यक्रम प्रभावित हुए। आम यातायात भी निर्धारित समय से ज्यादा देर तक प्रभावित रहा। पास में मेडिकल कॉलेज होने की वजह से मरीजों को भी दिक्कत हुई।
क्यों न लगा दें प्रतिबंध
इंस्पेक्टर चौक केके तिवारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि क्यों न इस अंजुमन को आगामी कार्यक्रमों में प्रतिबंधित कर कानूनी कार्रवाई की जाए।