गोशाला का निरीक्षण करते एसडीएम मोहनलालगंज अंकित शुक्ला
लखनऊ क्षेत्र के गढ़ा गांव स्थित गोशाला का मंगलवार को एसडीएम मोहनलालगंज अंकित शुक्ला ने निरीक्षण किया। गोशाला बदहाल हालत में मिली। न साफ-सफाई और ही गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा आदि मिला। एसडीएम ने पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही गोशाला की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।आश्रय केंद्र पर सौ गोवंश हैं। जब एसडीएम पहुंचे तो देखा कि आश्रय परिसर में कीचड़ ही कीचड़ है। न कोई सही से देखरेख करने वाला है और न ही सफाई की जा रही है। एसडीएम ने बताया कि जांच में पता चला कि गोवंशों की अपेक्षा भूसे की उपलब्धता कम है। जल निकासी का भी कोई प्रबंध नहीं है। इसलिए पंचायत सचिव केपी सिंह को एसडीएम ने फटकारा और नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। एक सप्ताह के भीतर गोशाला में सभी व्यवस्थाएं करने को कहा है।