भू माफिया ने लखनऊ के गुडंबा स्थित गांव आदिलनगर में 104 बीघा सरकारी जमीन को बेच दिया है। मामले में तहसील स्तर के कार्मिकों और अधिकारियों की मिलीभगत सामने आने के बाद राजस्व मंडल के अध्यक्ष संजीव मित्तल ने लखनऊ की मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब को जांच के आदेश दिए है। डॉ. जैकब ने मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है।
राजस्व मंडल को कल्याणपुर पश्चिम निवासी बलवान सिंह ने शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि गुडंबा स्थित आदिलनगर में 104 बीघा सरकारी जमीन राजस्व रिकार्ड में सार्वजनिक संपत्ति दर्ज है। राजस्व रिकार्ड के अनुसार जमीन पर तालाब, कब्रिस्तान, नाली, चक रोड और सुरक्षित स्थल की जमीन है लेकिन मौके पर कहीं भी ये मौजूद नहीं है। पूरी 104 बीघा जमीन को बेचकर वहां मकान, दुकान बना दिए गए है। उन्होंने इसमें भू माफिया के साथ तहसील के कार्मिकों और अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
राजस्व मंडल के अध्यक्ष संजीव मित्तल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त को जांच कर 15 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने अपर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में लखनऊ के अपर जिलाधिकारी (भू-अध्यापित-2) और उप जिलाधिकारी सदर को सदस्य बनाया है।