लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार गोमतीनगर के विनय खंड में आवासीय भूखंड पर खुल रहे कल्यान ज्वैलर्स को सील कर दिया। इस निर्माणाधीन परिसर को पूर्व में भी सील किया गया था। मगर, निर्माणाधीन परिसर से सामान निकालने के लिए अनुरोध पर तीन दिन के लिए सील को खोला गया था।
मगर उसमें निर्माण शुरू कर दिया गया था। जोन एक के विहित प्राधिकारी अरुण सिंह के मुताबिक बी-3/44 नंबर के विनय खंड स्थित शोभावती अन्य के 220 वर्ग मीटर के भूखंड पर व्यावसायिक केंद्र के रूप में निर्माण कर लिया गया था। बुधवार को इस परिसर को सील करने के बाद थाना गोमतीनगर के सुपुर्द कर दिया गया है।
विशेष शिविर में 105 आवंटियों की रजिस्ट्री
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों की रजिस्ट्री के लिए लगाये गये विशेष शिविर में आवंटियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सैकड़ों आवंटियों ने शिविर में संपर्क करके रजिस्ट्री की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। वहीं 105 आवंटियों के मकान की रजिस्ट्री हुई। अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शारदा नगर विस्तार में कुल 2200 आवास बनाये गये हैं।