प्रमुख सचिव संजय प्रसाद और निदेशक शिशिर कुमार
- फोटो : amar ujala
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग आकर्षक लघु फिल्मों के जरिये सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगा। विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को सूचना निदेशालय ने लघु फिल्मों के निर्माण विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए संजय प्रसाद ने कहा कि गुणवत्तापरक लघु फिल्म बनाने के लिए योजनाबद्ध काम करें। प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में लघु फिल्म अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि लघु फिल्मों मे सरकार की योजनाओं एवं उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसके महत्व को भी लोगो तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लघु फिल्मों में स्क्रिप्ट राइटिंग का भी महत्वपूर्ण रोल होता है इसलिए स्क्रिप्ट भी बेहतर होनी चाहिए। निदेशक शिशिर ने कहा कि विभाग विभिन्न क्षेत्रों में लघु फिल्म बनाने का अवसर प्रदान करता है। लघु फिल्म के लिए सटीक स्क्रिप्ट, उपयुक्त स्थान, संगीत, पटकथा, और अभिनय महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि विभाग अच्छी फिल्म बनाने वालों के सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
विशेषज्ञों ने बताया कि लघु फिल्म बनाने के लिए एक रुचिकर कहानी चुनें जो दर्शकों को आकर्षित करे। स्क्रिप्ट में कहानी, पात्रों के विकास, और दृश्यों का विवरण होना चाहिए। सोशल मीडिया, फिल्म फेस्टिवल, और मीडिया के माध्यम से अपनी फिल्म को प्रसारित करें। स्क्रिप्ट राइटिंग विषय पर ललित सिंह पोखरिया, अमरेन्द्र सहाय, राजीव सिंह, राजवीर रतन ने विचार रखे। प्री प्रोडक्शन एवं पोस्ट प्रोडक्शन के बारे में अंकुर सिंह और निर्देशन के संबंध में सुशील कुमार सिंह ने विचार रखे। कार्यशाला में अपर निदेशक अंशुमान राम त्रिपाठी, उप निदेशक सूचना प्रभात शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।