कार्यवाहक मेयर को देखने के लिए सीएम योगी भी पहुंचे थे
- फोटो : amar ujala
तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ के कार्यवाहक महापौर मेयर सुरेश अवस्थी को दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अब तक वह केजीएमयू के लारी कॉर्डियोलॉजी के डॉक्टरों की निगरानी में थे।
मेदांता में महापौर की ओपन हार्ट सर्जरी की जानी है। इसके लिए वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश त्रेहान से भी संपर्क किया गया है।
महापौर के परिवारीजनों ने बताया कि बुधवार को उनकी एंजियोग्राफी केजीएमयू में की गई। जिसमें हार्ट की नलियों में 70 से 100 प्रतिशत तक ब्लॉकेज पाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी के लिए उन्हें मेदांता ले जाने का सुझाव दिया।
परिवार के नजदीकी मित्र अवधेश सिंह ने बताया कि लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट ट्रेन से उन्हें ले जाया जा रहा है। इस बीच सांसद व केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और उनके विधायक बेटे पंकज सिंह ने मेदांता में सर्जरी के लिए डॉ. त्रेहान से बात कर ली है। डॉ. त्रेहान खुद महापौर के इलाज और ओपन हार्ट सर्जरी की निगरानी करेंगे।
महापौर को पिछले बृहस्पतिवार-शुक्रवार की रात सीने में दर्द की शिकायत पर केजीएमयू के लॉरी कॉर्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया था।