लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 21 जनवरी को होने वाले दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन होंगे।
कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि 21 जनवरी को सुबह 11 से दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह के विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी होंगे। वहीं समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। उन्होंने कहा कि कुलाधिपति की मंशा के अनुरूप इस बार दीक्षांत समारोह न्यू कैंपस में भव्य तरीके से किया जा रहा है जिसमें सभी मेधावियों को मंच से मेडल प्रदान किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, दीक्षांत समारोह में इस बार 111 विद्यार्थियों को 193 मेडल दिए जाएंगे। इसकी प्रोविजनल लिस्ट जल्द जारी कर आपत्ति ली जाएंगी। वहीं प्रमुख चांसलर, चक्रवर्ती, कुलपति गोल्ड मेडल के लिए इंटरव्यू छह जनवरी को होंगे। इसके बाद इनकी सूची जारी की जाएगी। प्रो. राय ने बुधवार को विवि अधिकारियों की बैठक कर इससे संबंधित कमेटियों को जल्द पुनर्गठित करने व आवश्यक तैयारियों को समय से पूरा करने का निर्देश भी दिया।