हजरतगंज में नकली पुलिस कर्मियों ने बनाया बुजुर्ग महिला को निशाना
बेहद सुरक्षित इलाकों में शामिल हजरतगंज चौराहे पर बृहस्पतिवार को मॉर्निंग वॉक से लौट रही बुजुर्ग महिला को लूट का डर दिखाकर टप्पेबाजों ने गहने उतरवा लिए। टप्पेबाजों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। एक ने पुलिस की तरह ही खाकी जैकेट पहन रखी थी। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नरही निवासी जगदीश चौहान की पत्नी शांति देवी अपनी मौसी सुभावती के साथ बृहस्पतिवार को मार्निंग वॉक पर निकली थीं। घर वापस आते समय वह रास्ते में पूजा के लिए फूल तोड़ने लगीं। इस बीच वहां पहुंचे नकाबपोश एक युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा-साहब बुला रहे हैं। कुछ दूर खाकी जैकेट पहने बाइक पर बैठे टप्पेबाज से महिलाओं ने बुलाने का कारण पूछा। इसपर उसने कहा-बदमाशों ने चाकू मारकर शीला नाम की महिला से जेवर लूट लिए। वारदात पर अंकुश लगाने के लिए जेवर पहने लोगों पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
जुर्माने से बचना है तो जेवर उतारकर रख लो। महिलाओं को विश्वास में लेने के लिए टप्पेबाज ने उधर से गुजर रहे अपने ही साथी के जेवर उतरवा लिए। इसके बाद कागज में लपेटकर वापस दे दिए। दहशत में आईं शांति देवी ने सोने का मंगलसूत्र, चेन और कान के झुमके उतार लिए। इतने में एक टप्पेबाज ने उनके हाथ से जेवर ले लिए और कागज में लपेटने के बहाने उसे बदलकर राख की पुड़िया देकर भाग निकले। कुछ दूर जाकर महिला ने कागज खोला तो उसमें राख देख उसे ठगी का पता चला। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक पीड़िता से संपर्क किया गया, पर उन्होंने शिकायत करने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।