लखनऊ से किशनगढ़ (राजस्थान) के बीच सस्ती फ्लाइट नवंबर से शुरू हो जाएगी। यह सुविधा जूम एयर उपलब्ध कराएगी। विमान का किराया, शेड्यूल जल्द जारी होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के आम नागरिकों तक हवाई सेवाओं की पहुंच बनाने के उद्देश्य से उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना शुरू की थी।
इसके तहत गत फरवरी में केंद्र सरकार की ओर से उड़ान 3 का शुभारंभ किया गया था। इसमें एयरलाइन ऑपरेटरों का भी चयन हो गया है। लखनऊ से कुशीनगर, आगरा, अंबाला, किशनगढ़, पंतनगर, सहारनपुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जानी हैं।
इसके तहत जूम एयर की ओर से किशनगढ़ से लखनऊ के बीच उड़ान को लेकर शुक्रवार को किशनगढ़ एयरपोर्ट निदेशक की ओर से वार्ता में जानकारी दी गई है। निदेशक अशोक कपूर ने बताया कि किशनगढ़ से लखनऊ व इंदौर के बीच फ्लाइटें शुरू होनी हैं। इसमें 15 नवंबर से किशनगढ़ से लखनऊ के बीच फ्लाइट शुरू कर दी जाएगी।
एयरलाइन की ओर से शेड्यूल जल्द जारी करने को कहा गया है। ऐसे ही लखनऊ-आगरा के बीच इंटरग्लोब व जूम एयर, लखनऊ-अंबाला के लिए जूम एयर, लखनऊ-पंतनगर (उत्तराखंड) के लिए हेरिटेज, लखनऊ-सहारनपुर (सरसवा) और लखनऊ-कुशीनगर के बीच टर्बो एविएशन फ्लाइटें शुरू करेगा।