त्योहारों पर उमड़ रही भारी भीड़ को कम करने के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने चारबाग समेत 14 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की दर 50 रुपये कर दी है। यह दर छह नवंबर तक लागू रहेगी।
दरअसल रेलवे प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने और सुरक्षा के लिए गत एक अक्टूबर को 10 रुपये का प्लेटफॉर्म टिकट 30 रुपये का कर दिया था। यह दर पांच नवंबर तक के लिए थी। लेकिन लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए 26 अक्तूबर से छह नवंबर तक के लिए यह दर 50 रुपये प्रति व्यक्ति कर दी गई।
यहां नई दर
लखनऊ (चाराबाग), बाराबंकी, अयोध्या कैंट, अयोध्या, अकबरपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, जंघई, वाराणसी जं, शाहगंज, जौनपुर, भदोही, प्रतापगढ़ व उन्नाव।
मंडल रेल प्रबंधक सुरेश कुमार सपरा ने बताया कि यात्री सुविधा के तहत मंडल पर प्लेटफार्म टिकट के मूल्य का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए यात्री सुविधाओं को एक सुनियोजित तरीके से प्रारंभ करने की व्यवस्थाएं अमल में लाई जा रही हैं |