तीन किलोवाट का बिजली कनेक्शन मांगने पर 3,49,948 रुपये का बना दिया फर्जी एस्टीमेट
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। सीतापुर के महमूदाबाद में निर्माणाधीन मैरिज लॉन के लिए तीन किलोवाट
का बिजली कनेक्शन के लिए घूस मांगने पर जेई और एसडीओ को निलंबित कर दिया
गया है। जेई एवं एसडीओ की ओर से कनेक्शन स्थल से पोल की 30 मीटर दूरी होने
के बाद भी घूस न मिलने पर फर्जी तरीके से लाइन एवं ट्रांसफार्मर लगाने का
3,49,948 रुपये का एस्टीमेट बना दिया गया था।
महमूदाबाद के आवेदक प्रमोद कुमार वर्मा ने इस मामले की 14 अक्टूबर को
महमूदाबाद के अधिशासी अभियंता से शिकायत की थी। जांच के बाद अधीक्षण
अभियंता ललित कृष्ण ने जेई रजनीश सिंह को निलंबित करने के बाद सीतापुर के
ही बिसवां खंड में संबद्ध किया है। जबकि सीतापुर से जांच रिपोर्ट मध्यांचल
विद्युत वितरण निगम मुख्यालय आने पर एमडी रिया केजरीवाल ने महमूदाबाद के
एसडीओ धर्मेद्र कुमार को निलंबित करके देवीपाटन जोन गोंडा में संंबंध किया है।
आवेदक का आरोप दो बार मांगी गई घूस
अधीक्षण अभियंता की ओर जारी निलंबन आदेश में कहा गया कि आवेदक प्रमोद का
आरोप कि जेई एवं एसडीओ ने उससे दो बार घूस मांगी। पहले 30 हजार रुपये पर
कनेक्शन देने का वादा किया था। जब 30 हजार रुपये की घूस नहीं दी, तो
3,49,948 रुपये का एस्टीमेट बनाकर बाद में 1.30 लाख रुपये का सुविधा शुल्क
मांगा गया। तय नियम के तहत 40 मीटर के दायरे में बिजली कनेक्शन के लिए
आवेदक को महज मीटर, सर्विस एवं सिक्योरिटी शुल्क ही जमा करने का प्रावधान
है। मगर, जेई एवं एसडीओ ने 11 हजार करंट की लाइन एवं 25 केवीए ट्रांसफार्मर
की लागत को जबरिया जमा कराने पर आमादा हो गया था।