फर्जी पासपोर्ट से बैंकॉक जा रहे बांग्लादेशी को शुक्रवार रात अमौसी एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन चेक के दौरान पकड़ा गया। अफसरों ने उसे सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात कनिष्ठ इमीग्रेशन अधिकारी राकेश कुमार यादव के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ से बैंकॉक (थाईलैंड) जाने वाली फ्लाइट (एफडी 147) के यात्रियों की टर्मिनल- 3 में इमीग्रेशन काउंटर पर जांच की जा रही थी।
इस बीच एक यात्री आशीष राय ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का बना पासपोर्ट व आधार कार्ड दिखाया। दस्तावेज की जांच के दौरान उस पर संदेह हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ में पता चला कि यात्री मूलरूप से बांग्लादेश के शिलघाटा, छोपाछारी, सतकानिआ, चट्टोग्राम का रहने वाला है और उसका असली नाम शिमुल बरुआ है।
उसने फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट व आधार कार्ड बनवाया था। वह शुक्रवार को टूरिस्ट वीजा पर बैंकॉक जा रहा था। उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट भी बरामद हुआ है।