महोबा में पुलिस कप्तान रहे वर्ष 2014 बैच के आईपीएस मणिलाल पाटीदार पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है। शासन ने जल्द ही इस बाबत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। केंद्र से प्रक्रिया पूरी होते ही पाटीदार को बर्खास्त कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि पाटीदार बीते डेढ़ साल से निलंबित हैं और फरार चल रहे हैं। प्रयागराज एडीजी जोन स्तर से उन पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित है। वह महोबा कोतवाली में दर्ज मुकदमे में वांछित हैं। उन पर खनन व्यवसायी इंद्रकांत त्रिपाठी को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है।