लखनऊ। देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों में सबसे पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) लागू करने वाला लखनऊ विश्वविद्यालय अपने यहां ड्यूल डिग्री प्रोग्राम लागू करने जा रहा है। मंगलवार को होने वाली प्रवेश समिति की बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा के बाद मुहर लगेगी।
यूजीसी की ओर से पिछले दिनों एनईपी के तहत विश्वविद्यालयों को ड्यूल डिग्री प्रोग्राम लागू करने के निर्देश दिए गए थे। इग्नू की ओर से पिछले दिनों इस सुविधा को लागू किया जा चुका है। अब लखनऊ विश्वविद्यालय भी इसे लागू करने की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत एक नियमित कोर्स के साथ विद्यार्थी ऑनलाइन या मुक्त विश्वविद्यालय से दूसरा कोर्स कर सकता है। इससे विद्यार्थियों को अपने कौशल विकास को गति देने में सहयोग मिलेगा और उनका काफी समय भी बच सकेगा।
वहीं प्रवेश समिति में एनईपी के तहत विद्यार्थियों के स्थानांतरण व क्रेडिट ट्रांसफर नीति को लागू करने पर भी विचार करेगा। साथ ही नए सत्र 2022-23 में पीएचडी प्रवेश के विस्तृत कार्यक्रम पर भी मुहर लगेगी। दूसरी तरफ परीक्षा समिति की बैठक में विद्यार्थियों को एमसीक्यू पैटर्न पर होने वाली परीक्षा के बाद ओएमआर शीट दिखाने पर भी निर्णय लेगा। वर्तमान में लिखित परीक्षा के बाद एक निर्धारित शुल्क देकर कॉपियों को देखने की व्यवस्था थी लेकिन एमसीक्यू पैटर्न में इसे लेकर कोई नियम नहीं था। जबकि विद्यार्थियों की ओर से इसकी भी मांग की जा रही थी। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ओएमआर शीट की कॉपी दिखाएगा।