लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में फर्स्ट ईयर का रिजल्ट इस साल सबसे अलग होगा। यहां एक ही सेमेस्टर में जहां आधे विद्यार्थियों का परीक्षा के बाद परिणाम जारी हो गया है। वहीं, आधे का अब प्रमोशन होगा। खास बात यह है कि जो प्रमोट हो रहे हैं वो एक ही साल में दो बाद प्रमोशन पाएंगे। कोरोना संक्रमण को लेकर विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखकर शासन ने यह निर्णय लिया कि फाइनल ईयर को छोड़कर अन्य वर्ष के विद्यार्थियों को प्रमोट किया जाएगा। इसी क्रम में सभी विश्वविद्यालय में कवायद भी तेज हो गई है। लखनऊ विश्वविद्यालय का केस थोड़ा फर्स्ट सेमेस्टर के मामले में अलग था। यहां बीए, बीएससी, बीकॉम फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा का आयोजन नहीं हो सका था। अब शासन से आए निर्णय के बाद विवि ने इन छात्रों को पहले सेमेस्टर में प्रमोट करने का निर्णय लिया है। वहीं, फर्स्ट सेमेस्टर के रिजल्ट के आधार पर ही दूसरे सेमेस्टर में भी प्रमोट किया जाएगा। यानी ये एक ही साल में दो बार प्रमोट होंगे। वहीं, इसी सेमेस्टर में एमबीए, लॉ, बीटेक आदि की परीक्षा हो चुकी थी। इसलिए उनका पहले सेमेस्टर का परिणाम जारी किया गया। अब उनको उस परिणाम के आधार पर दूसरे सेमेस्टर में प्रमोट किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एएम सक्सेना ने कहा कि कोरोना के कारण परिस्थितियां ही ऐसी बनी की क्या किया जाए? विवि ने तो अप्रैल में परीक्षा की तैयारी की ही थी। बाकी विवि प्रशासन के निर्णय के अनुसार ही एक साल में दो बार प्रमोशन का निर्णय लिया गया है।