लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के एलयू कप अंतर-महाविद्यालयीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को तीसरे दिन के मुकाबलों के बाद ग्रुप ए से एलयू गंगा और एलयू एवरेस्ट, ग्रुप बी से एलयू अरावली और एलयू चीता ने अंतिम चार में प्रवेश किया। एलडीएल अलीगंज ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए मुकाबले में एलयू गंगा ने एलयू पैंथर लखीमपुर को नौ विकेट से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इसी ग्राउंड पर दिन के दूसरे मुकाबले में एलयू एवरेस्ट ने एलयू लॉयन सीतापुर के खिलाफ 86 रन से जीत दर्ज की। एलयू अरावली टीम ने एलयू टाइगर हरदोई को नौ विकेट से हराया। एलयू चीता लखनऊ ने एलयू लेपर्ड रायबरेली टीम को 165 रनों के अंतर से शिकस्त दी। क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अजय कुमार आर्य ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को विवि परिसर स्थित परांजपे पवेलियन मैदान पर खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सुबह आठ बजे एलयू गंगा और एलयू चीता के बीच होगा। दूसरे सेमीफाइनल में दोपहर 12 बजे एलयू अरावली और एलयू एवरेस्ट की टीमें आमने-सामने होंगी।