लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी व राज्य विवि कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष संजय शुक्ला ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की बैठक में लविवि से आउटसोर्स के 250 कर्मचारियों के गायब होने का आरोप लगाया है। लविवि में 750 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। नए कुलपति के आने के बाद बॉयोमीट्रिक शुरू हुई तो 250 कर्मचारी गायब हैं फिर भी उनका वेतन निकल रहा है। इसका वीडियो सामने आने के बाद उप कुलसचिव शशि प्रभा तिवारी ने संजय शुक्ला को नोटिस जारी कर साक्ष्यों सहित जवाब देने के लिए कहा है। आरोप लगाया कि कुलसचिव दोहरा रवैया अपना रही हैं। इस बारे में कुलसचिव भावना मिश्रा ने कहा कि कोई कर्मचारी गायब नहीं है सभी का ब्योरा है। सभी की ऑनलाइन उपस्थिति लग रही है। कर्मचारी नेता से आरोपों के साक्ष्य मांगे गए हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।