लखनऊ। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत राजधानी के निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए चयनित छात्रों की बुधवार को लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी के बाद जिला बेसिक शिक्षा विभाग जिला प्रशासन से अनुमोदन लेगा। इसके बाद चयनित छात्रों की निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि राजधानी के 1,576 निजी स्कूलों में कुल 21,000 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आरटीई की वेबसाइट के माध्यम से राजधानी के निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए 18,000 से अधिक बच्चों ने आवेदन किया है। पहले चरण के आवेदन के साथ सत्यापन की प्रकिया भी जारी रही।