लखनऊ। सीएमएस स्टेशन रोड शाखा के 10वीं के छात्र अबीर जावेद के लिए बोर्ड परीक्षा जिंदगी की सबसे कठिन कसौटी बन गई। 20 फरवरी को परीक्षा के पहले दिन उनके पिता दवा कारोबारी अदील जावेद का कैंसर से निधन हो गया। इससे घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे हालात में आम तौर पर कदम रुक जाते हैं, लेकिन अबीर ने हिम्मत नहीं हारी। आंसुओं को थामकर उन्होंने हर पेपर दिया। परीक्षा में उन्होंने 82.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अबीर डॉक्टर बनकर पिता का सपना पूरा करना चाहते हैं।