सीतापुर जिले के तालगांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। असलहे के दम पर उन्होंने गृहस्वामी को बंधक बना कर लूटपाट की। बदमाशों ने सबसे पहले ठेकेदार पुरवा निवासी जितेद्र के घर पर धावा बोलकर लूटपाट की उसके बाद पड़ोसी शिव सागर के घर पर धावा बोल दिया।
बदमाश शिवसागर के घर पर दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए लेकिन मकान मालिक के शोर मचा देने के बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और बदमाशों को भागना पड़ा जिसके बाद बदमाश पड़ोस के गांव जौहरापुर निवासी राममिलन के घर में दाखिल होकर घर में रखी 20 हजार की नगदी सहित करीब दो लाख का माल ले गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश वहां से फरार हो चुके थे।