लखनऊ। मलिहाबाद के मोहम्मदनगर गांव में हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर और उसका बेटा अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। दोनों की लोकेशन मुरादाबाद में मिली है। पुलिस की टीमें मुरादाबाद में धरपकड़ करने में लगी हैं। उधर गिरफ्तार किये जा चुके हिस्ट्रीशीटर के ड्राइवर से पुलिस पूछताछ कर रही है। वह रविवार को जेल भेजा जा सकता है। आरोपी विदेश न भाग पाएं, इसे लेकर पुलिस ने संबंधित विभागों से जानकारी साझा की है।
मोहम्मदनगर गांव में जमीन विवाद में शुक्रवार दोपहर हिस्ट्रीशीटर लल्लन खान उर्फ सिराज ने अपने बेटे फराज खान, साथी फुरकान और ड्राइवर अशरफी के साथ मिलकर अपनी भतीजी फरहीन (35), उसके बेटे हंजला (15) और चचेरे भाई मुनीर उर्फ ताज (55) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस की घेराबंदी होने पर माल के गोपरामऊ में आरोपी थार गाड़ी और उसी में लाइसेंसी राइफल छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने लल्लन के ड्राइवर अशरफी को कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। अन्य तीनों आरोपी अभी गिरफ्त से दूर हैं।
शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर आरोपियों के हरदोई के एक थाने में सरेंडर करने का मैसेज वायरल हुआ मगर वह सिर्फ अफवाह साबित हुआ। सूत्रों के मुताबिक लल्लन और फराज की लोकेशन मुरादाबाद में मिली है। वहां दोनों ने किसी परिचित के घर में शरण ली है। पुलिस की टीमें मुरादाबाद में आरोपियों की तलाश कर रही हैं। डीसीपी पश्चिम राहुल राज ने बताया कि पांच टीमें लगी हैं। अहम सुराग मिले हैं। जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे।
डॉक्टरों के दो पैनलों ने शनिवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक फरहीन को सामने से सीने के बाएं तरफ गोली मारी गई। जो आरपार हो गई। शरीर के भीतर कारतूस का टुकड़ा धंसा मिला। मुनीर को भी सामने से गोली मारी गई। जो गर्दन में धंसी और आरपार हो गई। इसके अलावा 15 साल के हंजला को सामने से सिर पर गोली मारी। जिससे उसका सिर क्षत-विक्षत हो गया। तीनों की मौत शॉक एंड हेमरेज से हुई।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तीनों शव गांव पहुंचे। शव देख हंजला के नाना सलीम बेहोश होकर गिर गए। सैकड़ों ग्रामीण जनाजे में शामिल हुए। पूरे गांव में मातम पसरा रहा। मृतकों के परिजन बेहाल और बदहवास दिखे। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। मृतक मुनीर की बेटियों हाफसा, रेशम, उम्मी व पत्नी आयशा ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की।
पत्नी फरहीन और बेटे हंजला की हत्या से फरीद स्तब्ध हैं। रोते-बिलखते हुए उन्होंने कहा कि बेगुनाहों को दिनदहाड़े मार दिया गया। हत्यारे अभी तक पकड़े भी नहीं गए हैं। आखिर वह कब पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि आखिर कातिलों के घरों पर बुलडोजर कब चलेगा?