इटावा लायन सफारी और चंडीगढ़ जियोलॉजिकल पार्क के शेर बीमार पड़ रहे हैं और उनकी बीमारी की वजह हैं चूहे।
आईवीआरआई की मुक्तेश्वर शाखा में जांच के लिए आए खून के नमूनों की जांच से ये पता चला है कि इन्हें लैप्टोस्पाइरा बीमारी है।
यह बीमारी इन्हीं चूहों के यूरीन के इन्फेक्शन से हुई है। जांच करने के लिए आईवीआरआई बरेली के वाइल्ड लाइफ इंचार्ज डॉ. एके शर्मा खुद चंडीगढ़ भी गए थे।
इटावा लायन सफारी में दो शेर इन दिनों बीमार हैं और लगातार कमजोर होते जा रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल चंडीगढ़ के जियोलॉजिकल पार्क के शेर और लेपर्ड का भी है।
इनके खून के नमूनों की जांच के बाद डॉ शर्मा ने बताया कि तीनों शेर और लेपर्ड के सैंपल की जांच में लैप्टोस्पाइरा (बैक्टीरियल डिजीज) का टेस्ट पॉजिटिव और कैनाइन डिस्टेम्पर (वाइरल डिजीज) का टेस्ट निगेटिव आया है।
यानी इनको लैप्टोस्पाइरा बीमारी हुई है। यह बीमारी चूहे की यूरीन के इन्फेक्शन से हुई होगी।
खाने के लिए दिए गए मीट या पानी में किसी तरह चूहे की यूरीन पहुंचने से यह इन्फेक्शन हो गया होगा।
उन्होंने बताया कि इस बैक्टीरियल इन्फेक्शन से लीवर और किडनी डैमेज हो जाती है और ज्यादा बढ़ने पर यह सेंट्रल नर्वस सिस्टम को भी प्रभावित करता है।