लखनऊ। एलसीए अकादमी ने एनजेएस क्रिकेट अकादमी को 24 रन से हराते हुए अंडर-13 टैलेंट सर्च क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे अंक प्राप्त किए। एलसीए के 161 रन के जवाब में एनजेएस अकादमी की टीम 24.2 ओवर में 127 रन बनाकर आउट हो गई। चौक स्थित एलसीए क्रिकेट सेंटर में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलसीए की टीम ने 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 161 रन बनाए। युवराज यादव ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि हर्षवर्धन ने 26 रन बनाए। गोविंद साहू ने तीन और रितेश रावत व अंकित ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में एनजेएस अकादमी की टीम खराब शुरुआत से उबर न सकी 24.2 ओवर में 127 बनाकर आउट हो गई। अभिनव ने 28 और रितेश ने 27 रन का योगदान दिया। एलसीए से अहसान ने चार और अजीत ने दो विकेट चटकाए।