लखनऊ। साझी दुनिया की ओर से शुक्रवार को यूपी प्रेस क्लब में लेखक अनूप मणि त्रिपाठी के व्यंग्य संग्रह ''''वेलकम टू कॉकरोचलैंड'''' का विमोचन हुआ। साहित्यकार शिवमूर्ति, प्रो. रमेश दीक्षित, प्रो. रूपरेखा वर्मा और हाफिज किदवई ने विमोचन किया। विमोचन के बाद पुस्तक पर परिचर्चा भी हुई। मुख्य वक्ता शिवमूर्ति ने व्यंग्य को साहित्य की मारक विधा बताया जो समाज के कलेजे में छेद करती है। दयाशंकर राय ने कहा कि व्यंग्य सिर्फ हंसाए नहीं बल्कि करुणा और त्रासदी से रुलाए भी। हाफिज किदवई ने बताया कि संग्रह की हर कहानी की एक प्रस्तावना है। लेखक अनूप मणि त्रिपाठी ने रचना अनुभव साझा किए और ''''इन दिनों'''' कहानी का व्यंग्य पाठ किया। साझी दुनिया की ओर से प्रो. रूपरेखा वर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।