ट्रक को ओवरटेक करते समय हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य ऊंचाहार के सामने रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घटना के समय युवक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। टक्कर लगने से वह बस के नीचे आ गया और कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के बंधवा मजरे अरखा गांव निवासी रामलखन (28) पुत्र बाबूलाल गांव में ही रहकर मजदूरी करता था। सोमवार की सुबह वह बाइक से किसी काम से ऊंचाहार आया था। वापस घर जाते समय वह सीएचसी के सामने ट्रक को ओवर टेक करने लगा। इस दौरान प्रयागराज की ओर से आ रही प्रयागराज डिपो की बस ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बस के नीचे चला गया और उसका सिर बस के पहिये से कुचल गया।
घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद भाग रहे चालक को पुलिस ने वाहन समेत पकड़ लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।