लखनऊ। लामार्टीनियर बॉयज कॉलेज के प्रधानाचार्य कार्लाइल मैकफॉरलैंड का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त हो गया। उनकी सेवानिवृत्ति के बावजूद अभी तक नए प्रधानाचार्य का चयन नहीं हो पाया है। ऐसे में मंडलायुक्त रोशन जैकब ने कॉलेज के ट्रस्टी व न्याय एवं विधि परामर्शी के प्रमुख सचिव से इस मामले में दिशा-निर्देश मांगा है।
लामार्टीनियर काॅलेज के प्रधानाचार्य पद को लेकर पिछले कुछ समय से काफी चर्चा है। 28 नंवबर को शासन ने प्रधानाचार्य को पत्र लिखकर नए प्रधानाचार्य के चयन की प्रकिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद 12 दिसंबर तक कॉलेज के प्रधानाचार्य पद का चयन नहीं हो सका। इस मामले में मंडलायुक्त की ओर से शासन को भेजे गए पत्र में बताया गया कि ट्रस्टीज की ओर से प्रधानाचार्य के चयन के लिए 17 सितंबर तक आवेदन मांगे थे, जिनमें 183 लोगों ने आवेदन किया था।
प्रधानाचार्य के चयन के लिए स्क्रूटनी कमेटी की ओर से 24 उम्मीदवारों को शार्टलिस्ट किया गया। लोकल कमेटी ने 21 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर अपनी लिखित संस्तुति स्थानीय समिति के चेयरमैन को सौंप दी है। अभी तक यह सिफारिश ट्रस्टी को नहीं भेजी गई है। ऐसे में मंडलायुक्त ने कॉलेज में नए प्रधानाचार्य की नियुक्ति के लिए प्रमुख सचिव से मार्गदर्शन मांगा है।