लखनऊ। प्रेमिका से मिलने के लिए कोलकाता से चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट लखनऊ पहुंचे युवक को युवती के घरवालों ने इश्क फरमाते पकड़ एयरपोर्ट पर ही जमकर पीट दिया। पिटाई से युवक इस कदर घायल हो गया कि पुलिस को उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस के मुताबिक कोलकाता निवासी बब्बन शाहा नामक युवक की बीते कुछ दिनों पहले लखनऊ की एक विवाहिता युवती से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी। बाद में यह दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई। इस दौरान दोनों ने मिलने की योजना बनाई। योजना के तहत ही शुक्रवार को बब्बन शाहा युवती से मिलने विमान से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उसने युवती को एयरपोर्ट पर ही मिलने बुलाया। युवती अपने घरवालों से छुपकर एयरपोर्ट पर युवक से मिलने पहुंची थी। इसी बीच संदेह होने पर पीछे से युवती के घरवाले भी एयरपोर्ट पहुंच गए। वहां पर दोनों को एक साथ टहलते व बातचीत करते देख भड़के घरवालों ने युवक की धुनाई कर दी और युवती को लेकर चले गए। पिटाई से गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच पड़ताल करने के साथ ही आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।