बप्पा श्री नारायण वोकेशनल पीजी कॉलेज (केकेवी) में स्नातक कोर्सों के लिए प्रवेश की मेरिट शनिवार को जारी कर दी गई। इसके अनुसार सोमवार से प्रवेश लिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज व निर्धारित शुल्क के साथ सुबह 11 बजे कॉलेज में संपर्क करने को कहा गया है।
जारी मेरिट के अनुसार, बीए में आठ अगस्त को 91.83 से 70 फीसदी तक तथा दस अगस्त को 70 से 60 फीसदी तक व 13 को छूटे छात्रों (सामान्य व ओबीसी) और सभी एससी-एसटी अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया गया है।
इसी क्रम में बीएसी मैथ्स में आठ अगस्त को 91.75 से 75 फीसदी तक तथा 10 अगस्त को 75 से 60 फीसदी व 13 अगस्त को छूटे हुए अभ्यर्थियों व सभी एससी-एसटी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
बीएससी बायो ग्रुप में आठ अगस्त को 93.73 से 70 फीसदी तक तथा दस अगस्त को 70 से 55 फीसदी तक व 13 अगस्त को छूटे छात्रों (सामान्य व ओबीसी) और सभी एससी-एसटी अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया गया है।
वहीं, बीकॉम में आठ अगस्त को 90.3 से 63 फीसदी तक तथा 10 अगस्त को 63 से 50 फीसदी तक व 13 अगस्त को छूटे छात्रों (सामान्य व ओबीसी) और सभी एससी-एसटी अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया गया है।
प्राचार्य प्रो. आरडी द्विवेदी ने बताया कि काउंसिलिंग की विस्तृत जानकारी कॉलेज की वेबसाइट पर है।
सुभाष चंद्र बोस में प्रवेश परीक्षा
नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज में शनिवार को बीएससी एवं बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. अनुराधा तिवारी ने बताया कि बीकॉम में 120 तथा बीएससी की कुल 100 सीटों के सापेक्ष 609 छात्राओं ने शिरकत की। वहीं, बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए परीक्षा सात अगस्त को सुबह नौ से 10.30 तथा 11 से दोपहर 12.30 तक दो पालियों में होगी। छात्राएं प्रवेश पत्र कॉलेज की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकती हैं। परिणाम 18 को घोषित किए जाएंगे।
आईटी की प्रवेश परीक्षा आज से
आईटी गर्ल्स कॉलेज में स्नातक कोर्सों (एनईपी) में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन सात व 14 अगस्त को किया जाएगा। प्राचार्या डॉ. विनीता प्रकाश ने बताया कि सात अगस्त को सुबह नौ से 12 बजे तक बीकॉम व दोपहर 1.30 से 4.30 बजे बीएससी व बीएससी होम साइंस की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।