लखनऊ। सेंटर ऑफ बायोमेडिकल रिसर्च (सीबीएमआर) की पीएचडी शोधार्थी खुशबू मीना ने ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन के सम्मेलन में दो पुरस्कार जीते हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय यात्रा पुरस्कार दिया गया। वहीं, शोध प्रस्तुति की संबंधित श्रेणी में उन्हें दूसरा स्थान मिला। खुशबू ने दिल की मांसपेशियों के असामान्य रूप से मोटा होने और शरीर में होने वाले मेटाबोलिक संबंधी बदलावों पर शोध किया है। सीबीएमआर के डॉ. आशीष गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया यह शोध भविष्य में ह्दय रोगों की शुरुआती पहचान के लिए नए संकेतक खोजने में मददगार हो सकता है। इसमें पीजीआई कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य कपूर व डॉ. अंकित साहू के अलावा सीवीटीएस के विभागाध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल, डॉ. शांतनु पांडे, डॉ. बिपिन चंद्र, डॉ. मुजिल मुन्सी, डॉ. विनिता अग्रवाल और डॉ. मलिका धवल का योगदान रहा।