लखनऊ। शहर के गुरुद्वारों में मंगलवार को खालसा साजना दिवस (वैसाखी) श्रद्धापूर्वक मनाया गया। विशेष दीवान सजाए गए और श्रद्धालुओं ने माथा टेककर आशीष लिया। गुरु गोविंद सिंह के खालसा पंथ के इतिहास और आदर्शों को याद किया गया। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा मानसरोवर में अध्यक्ष संपूरन सिंह बग्गा के नेतृत्व में दीवान की शुरुआत धार्मिक पाठ और कीर्तन से हुई। महासचिव चरणजीत सिंह, सचिव गगनदीप सिंह बग्गा और कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने श्रद्धालुओं को बधाई दी। ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब यहियागंज में भी खालसा साजना दिवस पर विशेष दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी, गुलशन जौहर, जसप्रीत सिंह, दलजीत सिंह, सतनाम सिंह सेठी और हरकीरत सिंह आदि मौजूद रहे।