रायबरेली। सरेनी ब्लॉक क्षेत्र से होकर निकला खजूर गांव रजबहा में पानी नहीं आ रहा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि किसान अब तक धान की नर्सरी भी नहीं डाल पाए हैं, जबकि नर्सरी डालने का अनुकूल समय निकला जा रहा है। किसानों ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी खजूर गांव से निकली भोजपुर माइनर से जुड़े लोगों को हो रही है। इस माइनर की सफाई में खानापूर्ति की गई है। यही वजह है कि टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता।
किसान साहबान खान, रामपाल, संजय कुमार, इमरान खान, जीशान खान ने बताया कि भोजपुर माइनर से छतौना, तालकटैला, रानीखेड़ा, राजापुर, भोजपुर, दलीपुर, गोसाईखेड़ा गांव के किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। नहर के पानी के अलावा सिंचाई का और कोई जरिया नहीं है। कहा कि धान की नर्सरी डालने का उपयुक्त समय निकला जा रहा है, लेकिन अब तक नर्सरी नहीं पड़ पाई है। इससे रोपाई का काम विलंब से होगा। इसका असर उत्पादन पर पड़ेगा। उधर, सिंचाई विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि यह नहर सिंचाई खंड उन्नाव के अंतर्गत आती है। संबंधित अभियंताओं को समस्या दूर कराने के लिए कहा जाएगा।