लखनऊ। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की जरूरत को देखते हुए केजीएमयू ने क्रिटिकल केयर नर्सिंग का पाठ्यक्रम शुरू किया है। इसमें दाखिले के लिए 20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन केजीएमयू की वेबसाइट www.kgmu.org पर किया जा सकता है। इस पाठ्यक्रम में गंभीर मरीजों की देखभाल की बारीकियां सिखाई जाएंगी। बीएससी नर्सिंग से अलग इस पाठ्यक्रम का संचालन एनेस्थीसिया विभाग की ओर से किया जा रहा है। इस पाठ्यक्रम की न्यूनतम अर्हता बीएससी नर्सिंग और जीएनएम उत्तीर्ण तय की गई है। पाठ्यक्रम के लिए अधिकतम 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। दाखिले के लिए परीक्षा होगी। पाठ्यक्रम की कुल फीस 15 हजार रुपये निर्धारित की गई है। कक्षाएं एक सितंबर से शुरू होंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा और वाइवा लेने के बाद प्रमाणपत्र दिया जाएगा। चिकित्सा विवि ने कोरोना संक्रमण के बाद आईसीयू केयर की जरूरतों को देखते हुए यह पाठ्यक्रम शुरू किया है।