लखनऊ। केजीएमयू के 23 दिसंबर के दीक्षांत समारोह में डॉ. महविश अहमद को सबसे ज्यादा 15 मेडल दिए जाएंगे। एमबीबीएस की टॉपर डॉ. महविश ने हीवेट गोल्ड मेडल, चांसलर्स मेडल और यूनिवर्सिटी ऑनर्स मेडल के साथ कुल 13 गोल्ड और दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। केजीएमयू प्रशासन के अनुसार ऐसा पांचवीं बार हुआ है, जब तीनों प्रतिष्ठित मेडल पर एक ही विद्यार्थी ने कब्जा जमाया है।
विश्वविद्यालय में इस साल भी छात्राओं ने बाजी मारी है। दीक्षांत समारोह में कुल 85 मेडल 41 विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। इनमें से 56 फीसदी छात्राएं हैं। कुलपति ले. जनरल डॉ. बिपिन पुरी ने मंगलवार को प्रेेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। डॉ. महविश को दो बुक प्राइज भी दिए जाएंगे। इसी तरह डॉ. गुंजन मेहता को दस, डॉ. दीपक बंसल को सात और डॉ. नेहा रानी को सात पदक मिलेंगे। डॉ. अदिति चंद्रा को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। एमबीबीएस में कुल 35 और डेंटल में तीन गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। केजीएमयू के रिटायर्ड शिक्षक डॉ. एसके दास को डॉ. केबी भाटिया गोल्ड मेडल दिया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान डीन मेडिकल प्रो. एके त्रिपाठी, डीन डेंटल प्रो. एपी टिक्कू और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. आरएन श्रीवास्तव थे।
स्थापना दिवस के पदक विजेताओं की घोषणा बाद में
केजीएमयू प्रशासन ने स्थापना दिवस पर सम्मानित होने वालों के नाम की घोषणा अभी नहीं की है। विवि परंपरा निभाते हुए इस बार भी दीक्षांत समारोह के अगले दिन स्थापना दिवस मनाएगा। इसमें भी पदक विजेताओं का सम्मान होगा। उधर, दीक्षांत भाषण के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को न्योता भेजा गया है। हालांकि, अभी तक वहां से सहमति पत्र नहीं आया है। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी समारोह में रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में इनका होगा सम्मान
एमबीबीएस : डॉ. महविश अहमद, डॉ. दीपक बंसल, डॉ. अदिति चंद्रा।
डेंटल : डॉ. गुंजन मेहता, डॉ. नेहा रानी।
डीएम : डॉ. अरविंद जायसवाल, डॉ. विजयवर्मन वी, डॉ. पाटिल मनीष रमेश, डॉ. चंदवार कुणाल आशुतोष।
एमसीएच : डॉ. शाश्वत तिवारी, डॉ. मनीगंदन के, डॉ. शशिराज सिंह, डॉ. रवि प्रकाश मिश्रा, डॉ. नाबा कुमार बर्बन।
एमडी : डॉ. कृष्णा यादव, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. कृति गुप्ता, डॉ. रूबल जलोटा, डॉ. मोहित मिश्रा, डॉ. अनिल वार्गीश, डॉ. आकृति भारद्वाज, डॉ. हिमांशु चौहान, डॉ. शुभम श्रीवास्तव, डॉ. गेर्लिन वार्गीश, डॉ. दिव्या शर्मा, डॉ. शुभम सिंह, डॉ. स्वाति अग्निहोत्री, डॉ. अंशिका मिश्रा, डॉ. अथीरा जे प्रकाश, डॉ. दिव्या कुकरेजा, डॉ. नंदिनी दीक्षित, डॉ. अंकिता मंडल, डॉ. रोहित द्विवेदी।
एमएस : डॉ. नंदिनी दीक्षित, डॉ. देविशा अग्रवाल, डॉ. मालविका सिंह, डॉ. आशुतोष महाराणा, डॉ. प्रखर मिश्रा, डॉ. अलमस फातिमा।
पीजी डेंटल : डॉ. जया अग्रवाल।
एमडीएस : डॉ. अभिलाषा किसनलाल, डॉ. ज्योत्सना विमल।
फैकल्टी : डॉ. एसके दास