लखनऊ। प्रदेश सरकार ने शाहमीना शाह रोड स्थित शिक्षा विभाग की जमीन केजीएमयू को देने का फैसला कर दिया है। बताया जा रहा है इस जमीन पर नए विभाग खोले जाएंगे।
कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के सामने राजकीय महिला इंटर कॉलेज व संस्कृत भवन की भूमि संस्थान को मिल सके, इसके लिए 2003 से प्रयास हो रहे थे। अब कैबिनेट के फैसले के बाद सरकार ने शिक्षा विभाग की 4.7 एकड़ भूमि केजीएमयू को सौंप दी है। इस पर बहुमंजिला भवन बनाने की योजना है। यहां मरीजों के लिए वार्ड भी बनाए जाएंगे। बताया कि राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के हॉस्टल के पास की 1.8 एकड़ भूमि भी केजीएमयू को मिल गई है। यहां कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल खोलने का प्लान है। बैचलर ऑफ रेडियोथेरेपी, बैचलर ऑफ एक्स-रे टेक्नीशियन, अप्थलोमोलॉजी, ओटी टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपी समेत दूसरे बैचलर कोर्स चलाए जाएंगे।