लखनऊ। केजीएमयू का 119वां स्थापना दिवस शुक्रवार को मनाया जाएगा। जार्जियन मीट भी होगी जिसमें पूर्व छात्र अपने साथियों से केजीएमयू कैंपस में मिलेंगे। समारोह में मेधावियों को मेडल दिए जाएंगे। यह जानकारी केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने दी। वे बृहस्पतिवार को ब्राउन हाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं।
कुलपति ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में होगा। समारोह में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा मुख्य अतिथि होंगे। श्री साहा केजीएमयू के पूर्व छात्र भी रहे हैं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। समारोह में चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह व प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के साथ केजीएमयू स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की पूर्व एचओडी डॉ. विनीता दास शामिल होंगी।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि जार्जियन मीट में देश व विदेश में रहने वाले पूर्व छात्र शामिल होंगे। यह पहला मौका है जब पूर्व छात्र अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आएंगे और अपने शोध व अनुभव के साथ नई तकनीक पर व्याख्यान देंगे।
63 मेधावियों को मिलेंगे 107 मेडल
कुलपति ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में भी छात्राओं ने बाजी मारी है। शुक्रवार को 63 छात्र-छात्राओं को 107 मेडल, कैश व बुक प्राइज दिए जाएंगे। मेडल पाने वाले 63 मेधावियों में 50 मेडल छात्राओं के हिस्से में आए हैं। डॉ. नित्यानंद ने बताया कि समारोह में पदक पाने वाले एमबीबीएस छात्रों को 26 व बीडीएस छात्रों को 18 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। नर्सिंग श्रेणी में दो छात्राओं ने गोल्ड मेडल मिलेगा। एमबीबीएस के 20, बीडीएस के 23 और दो नर्सिंग छात्र-छात्राओं को सिल्वर मेडल भी दिए जाएंगे। दो नर्सिंग छात्रों को नकद इनाम भी मिलेगा। प्रथम रनर-अप होने के लिए प्रतिष्ठित स्व. डॉ. जाह्नवी दत्त पांडे पुरस्कार मिलेगा।