राज्य महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में ट्रॉफी और मेडल के साथ विजेता कानपुर की टीम
लखनऊ। राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला गया। 1090 चौराहा स्थित सेज ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में केसीए कानपुर ने सहारनपुर को छह विकेट से हराकर ट्रॉफी जीत ली। सहारनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में सात विकेट खोकर 124 रन बनाए। दिशा शर्मा ने 30 रन बनाए जबकि भूमि सिंह ने भी नाबाद 30 रन का योगदान दिया। केसीए कानपुर की ओर से सिद्धि मिश्रा ने 14 रन देकर चार विकेट चटकाए। 125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए कानपुर ने 22.5 ओवर में चार विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इसमें बबिता यादव ने 32 और शिबू सिंह पाल ने 33 रन बनाए। कप्तान अर्चना देवी ने 22 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। अपनी घातक गेंदबाजी से चार विकेट चटकाने वाली सिद्धी मिश्रा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सहारनपुर की शिखा शालोट को प्लेयर ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ बैटर का खिताब मिला। केसीए कानपुर की श्वेता वर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया। प्रतियोगिता के समापन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व विशिष्ट अतिथि विधायक आशा मौर्या ने विजेता व उपविजेता टीमों में शामिल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह (प्रदेश महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा), सेज क्रिकेट अकादमी के निदेशक बृजेश यादव और प्रियंका शैली (चेयरपर्सन, यूपीसीए महिला चयन समिति) भी मौजूद रहे।