लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने जस्टिस राजन राय को लखनऊ पीठ का सीनियर जज नियुक्त किया है। मुख्य न्यायमूर्ति ने बीते रविवार को इसका आदेश जारी किया। जस्टिस राय की नियुक्ति, सीनियर जज जस्टिस एआर मसूदी की गत दो अगस्त को सेवानिवृत्ति के बाद की गई है। सीनियर जज के रूप में जस्टिस राय को कई विशेष अधिकार हासिल हो गए हैं। जस्टिस राय ने लखनऊ विश्वविद्यालय से 1993 में विधि की उपाधि प्राप्त की और 30 जनवरी 1994 को यूपी बार कौंसिल से रजिस्ट्रेशन कराकर लखनऊ बेंच में विधि व्यवसाय प्रारंभ किया। उन्होंने सिविल सेवा और सांविधानिक मामलों में विशेषज्ञता हासिल है। तीन फरवरी, 2014 को उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट का जज नियुक्त किया गया।