लखनऊ। मिशन रोजगार के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में 31 अक्तूबर को कैंपस प्लेसमेंट और रोजगार भर्ती अभियान आयोजित किया जाएगा। इसमें टाटा मोटर्स लिमिटेड,डिक्सन टेक्नोलॉजीज और कॉर्पस डेटा इंफॉर्मेशन सर्विसेज 220 से अधिक युवाओं को रोजगार का अवसर देंगी। विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 13,000 से 26,484 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। संस्थान में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले प्लेसमेंट अभियान में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण और स्नातक अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी का अवसर मिलेगा। संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खां ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को सभी मूल शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्र, अंकतालिकाएं, बायोडाटा, पासपोर्ट आकार के फोटो, बैंक पासबुक और अधिकृत पहचानपत्र साथ लाने होंगे। इनके साथ स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी अनिवार्य रूप से लानी होंगी।